एएसपी नताशा गोयल को सौंपा ज्ञापन, एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की मांग
पीलीभीत।
जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री और उससे हो रही लगातार जानलेवा घटनाओं को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुरुवार को संगठन के नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक के नेतृत्व में दर्जनों पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और सहायक पुलिस अधीक्षक (IPS) नताशा गोयल को ज्ञापन सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपते समय जिला अध्यक्ष एम.ए. जिलानी ने कहा कि प्रशासन और न्यायालय के स्पष्ट प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है। यह मांझा दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है और बेजुबान पक्षियों की भी लगातार मौत का कारण बन रहा है। नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक ने कहा कि अब केवल खानापूर्ति नहीं, बल्कि दोषी दुकानदारों पर सीधी एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।
प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू ने पुलिस को सुझाव देते हुए कहा कि चाइनीज मांझे के विक्रेता पुलिस को देखते ही सतर्क हो जाते हैं, इसलिए सिविल ड्रेस में ग्राहक बनकर छापेमारी की जाए, ताकि आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा जा सके। महिला प्रदेश उपाध्यक्ष सपना यादव ने कहा कि कुछ दुकानदार चंद पैसों के लालच में आम जनता की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, जिसे संगठन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष एम.ए. जिलानी, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष सपना यादव, नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक, महामंत्री राशिद अंसारी, युवा जिला अध्यक्ष शैली शर्मा, नाहिद खान, तस्लीम खान, अतुल जायसवाल, आशीष लोधी, नीरज श्रीवास्तव, अभिलाष गुप्ता, राम स्वरूप मौर्य, साजिद खान, सुनील वर्मा, राजा खान, रजी अंसारी, सुधीर पाल सिंह, उज्ज्वल वर्मा, ताबिश, साहिल अग्नानी, ऋषि कन्नौजिया, गौतम गोहा, नदीम, शेर सिंह, नन्हे बाबू, हरीश, असद अंसारी, गौरव राणा और मोबिन मियां सहित संगठन के दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : रुशन अहमद