राजकुमार राजू बोले, नेताजी हमारे संघर्ष की रीढ़, उनके सपनों को पूरा करना ही हमारा लक्ष्य
संवाददाता सबलू खा
पूरनपुर। समाजवादी आंदोलन के प्रणेता, पूर्व रक्षामंत्री, तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित माननीय नेताजी मुलायम सिंह यादव की 86वीं जयंती समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार राजू के आवास पर अत्यंत गरिमामय वातावरण में मनाई गई। पूरे कार्यक्रम में समाजवादी संस्कार, संघर्ष और नेताजी के प्रति गहरी निष्ठा साफ दिखाई दी। राजकुमार राजू की अगुआई वाला यह आयोजन क्षेत्र में समाजवादी ऊर्जा का बड़ा केंद्र साबित हुआ, जहां कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्ण भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा विधानसभा अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजवादी नेता उमाशंकर यादव रहे। कार्यक्रम का संचालन ओम शर्मा ने किया।अपने संबोधन में आयोजक और सयुस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार राजू ने कहा कि नेताजी सिर्फ इतिहास का नाम नहीं, बल्कि जीवंत विचार हैं। संघर्ष, सादगी और न्याय की राजनीति का सबसे बड़ा प्रतीक। हमारा कर्तव्य है कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करें और समाजवादी मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुँचाएं।राजकुमार राजू के शब्दों ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी और कार्यक्रम में उनका नेतृत्व प्रमुखता से उभरकर सामने आया। मुख्य अतिथि और पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव ने नेताजी के साथ बिताए संस्मरण साझा करते हुए उन्हें भारतीय राजनीति का अद्वितीय नेता बताया।
समाजवादी छात्र सभा के पूर्व प्रदेश सचिव नोमान अली वारसी ने कहा कि नेताजी गरीब, किसान और वंचितों की आवाज़ थे। सपा नेता कल्याण सिंह सरोज ने कहा कि नेताजी की राजनीति सेवा और सिद्धांतों पर आधारित थी। सपा नेता सतीश वर्मा ने कहा कि उन्होंने प्रदेश की दिशा बदलने वाली राजनीति की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। खासतौर पर महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही, जिसने आयोजन को और मजबूत बनाया। अहीद खान, नाबीर अली मंसूरी, अनिल शर्मा, डॉ. वख़्श, भगवान दीन वर्मा, ठाकुरदास, आकाश भारती, इमरान वली खां समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।