व्यापारियों की सुरक्षा और सुगम यातायात पर हुई सकारात्मक चर्चा
पीलीभीत, 13 फरवरी 2026। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, पीलीभीत के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल ने जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक श्री सुकीर्ति माधव मिश्रा से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने कप्तान के जनपद आगमन पर स्वागत करते हुए व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहे प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अनिल महेंद्रू एवं जिला अध्यक्ष श्री एम. ए. जिलानी ने पुलिस अधीक्षक का अभिनंदन किया। बैठक के दौरान व्यापारियों की सुरक्षा, शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था और बाजारों में बढ़ती समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिला अध्यक्ष श्री एम. ए. जिलानी ने मुख्य बाजारों और थोक मंडियों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग उठाते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने चोरी और लूट की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस-व्यापारी संवाद को बीट स्तर पर नियमित करने का सुझाव भी दिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अनिल महेंद्रू ने शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में जाम की समस्या को गंभीर बताते हुए बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण पर सख्ती की आवश्यकता जताई। उन्होंने व्यापारियों के सहयोग से नया “ट्रैफिक मास्टर प्लान” तैयार करने का प्रस्ताव रखा।
नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक ने नगर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क को और सुदृढ़ करने का आग्रह किया, ताकि आपराधिक घटनाओं की प्रभावी निगरानी हो सके। युवा जिला अध्यक्ष शैली शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को गणेश जी की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया।
पुलिस अधीक्षक श्री सुकीर्ति माधव मिश्रा ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “व्यापारी सुरक्षा सेल” को और अधिक सक्रिय किया जाएगा तथा सीसीटीवी नेटवर्क के विस्तार में व्यापारियों का सहयोग लिया जाएगा।
बैठक में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू, जिला अध्यक्ष एम. ए. जिलानी, नगर अध्यक्ष रणवीर पाठक सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी नेता उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर जनपद में सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित करने का संकल्प दोहराया।