पूरनपुर। पत्रकारों के खिलाफ कथित कार्रवाई और बढ़ते दबाव की घटनाओं को लेकर मंगलवार को पूरनपुर में पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। शहर के एक निजी प्रतिष्ठान में हुई इस बैठक में ऑल इंडिया प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन (ऐप्जा) के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी पत्रकार को बेवजह निशाना बनाया गया तो संगठन इसका पुरजोर विरोध करेगा।
बैठक में विशेष रूप से गोला गोकर्णनाथ में एक पत्रकार पर दर्ज मुकदमे का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई एक संगठन के दबाव में की गई है, जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ है। इस प्रकरण को लेकर सदस्यों ने एकजुटता दिखाते हुए बड़ी संख्या में गोला पहुंचकर विरोध दर्ज कराने का ऐलान किया।
लखनऊ से पहुंचे संगठन के समन्वयक अनुराग सारथी ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की स्वतंत्रता सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार का दमन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला अध्यक्ष अभिषेक पांडे और मंडल अध्यक्ष अनुज सक्सेना ने कहा कि पत्रकारों की असली ताकत उनकी एकता में है, इसलिए हर साथी के साथ मजबूती से खड़ा रहना संगठन की प्राथमिकता है।
बैठक में संगठन विस्तार पर भी चर्चा की गई और पूरनपुर क्षेत्र के कई सक्रिय पत्रकारों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला संरक्षक राजकुमार श्रीवास्तव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता का संकल्प दिलाया।
अंत में सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन का रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटेगा।